विश्व स्तनपान सप्ताह: रायपुर में आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम, ‘माता यशोदा सम्मान’ से सम्मानित होंगी 10 माताएं
www.healthbhaskar.com रायपुर 06/08/2026. विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एसएचएसआरसी) के सहयोग से 6 अगस्त को रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार के नए भवन में होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया और आयुक्त-सह-संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव झा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ, नर्सिंग अधिकारी, मितानिनें, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में राज्य की 10 ऐसी माताओं को ‘माता यशोदा सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने मातृ दुग्ध का दान कर या अन्य शिशुओं को स्तनपान कराकर मानवता की मिसाल पेश की है। साथ ही, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पहले मदर मिल्क बैंक (मातृ दूध कोष) की स्थापना की घोषणा भी की जाएगी, जिससे उन नवजातों को सुरक्षित मातृ दुग्ध उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिन्हें किसी कारणवश अपनी मां का दूध नहीं मिल पाता।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, संपूर्ण और प्राकृतिक आहार है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मां के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। विभाग ने आमजन और मीडिया से कार्यक्रम में सहभागी बनकर स्तनपान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
