Thu. Aug 6th, 2026

मिशन लक्ष्मी के तहत महिला ठेका श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया जोर

www.healthbhaskar.com/ भिलाई/05/08/2026. भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी) और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीएमडीसी सेक्टर-7 में ‘मिशन लक्ष्मी’ के तहत महिला ठेका श्रमिकों के लिए एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें पोषण, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार ने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। वहीं अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीली कुजूर ने बताया कि मिशन लक्ष्मी का उद्देश्य महिला ठेका श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभस्मिता ने शिशुओं के लिए स्तनपान, संतुलित पोषण और समय पर टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या ने महिलाओं और किशोरियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, कैंसर की शुरुआती पहचान तथा बचाव संबंधी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।

शिविर के दौरान संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के चिकित्सकों के साथ-साथ सीएसआर एवं मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया और महिला श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page