Sun. Aug 2nd, 2026

फिजियोथेरेपी बनी राहत की राह: घुटनों और कमर के दर्द से उबरीं सुमन सोनी

www.healthbhaskar.com/ रायपुर 02/08/2026. जिला चिकित्सालय मुंगेली में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मरीजों के लिए नई उम्मीद बन रही हैं। गुणवत्तापूर्ण उपचार और नियमित फिजियोथेरेपी के माध्यम से मुंगेली निवासी श्रीमती सुमन सोनी को लंबे समय से परेशान कर रहे घुटनों और कमर के असहनीय दर्द से राहत मिली है। उपचार के बाद अब वे पहले की तुलना में अधिक सहजता से अपने दैनिक कार्य कर रही हैं और सामान्य जीवन की ओर लौट रही हैं।

श्रीमती सुमन सोनी ने बताया कि लगातार बने रहने वाले घुटनों और कमर के दर्द के कारण उन्हें चलने-फिरने और घर के सामान्य कामकाज करने में भी कठिनाई होने लगी थी। दर्द दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा था, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर वे जिला चिकित्सालय मुंगेली पहुंचीं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष पाठक ने उनकी जांच कर नियमित फिजियोथेरेपी कराने की सलाह दी।

चिकित्सकीय परामर्श के अनुरूप नियमित फिजियोथेरेपी और समुचित उपचार के बाद उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। दर्द में काफी कमी आने से अब वे बिना अधिक परेशानी के अपने दैनिक कार्य कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि समय पर मिला उपचार उनके लिए किसी नई उम्मीद से कम नहीं है।

स्वास्थ्य लाभ मिलने पर श्रीमती सुमन सोनी ने जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में मिली गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने अन्य लोगों से भी आवश्यकता होने पर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि जिला चिकित्सालय मुंगेली में आधुनिक उपचार सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक परामर्श, फिजियोथेरेपी तथा समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अनेक मरीजों को इसका लाभ मिल रहा है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page