Sun. Aug 2nd, 2026

वृद्धाश्रम में लगा विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर, वरिष्ठ नागरिकों को मिला निःशुल्क उपचार व परामर्श

www.healthbhaskar.com/ रायपुर 02/08/2026. छत्तीसगढ़ सरकार वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार संवेदनशील पहल कर रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) के अंतर्गत सूरजपुर स्थित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान (वृद्धाश्रम) में विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें विशेषज्ञ परामर्श, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के निर्देशन तथा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री सचिन मातुरकर और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्री नंदकिशोर वर्मा ने वृद्धजनों के मानसिक स्वास्थ्य का परीक्षण किया।

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को अवसाद, चिंता, तनाव, अनिद्रा, भूलने की बीमारी (डिमेंशिया) तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रत्येक वृद्धजन से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं को समझा तथा सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या, सामाजिक सहभागिता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

आवश्यकतानुसार हितग्राहियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही उन्हें नियमित फॉलो-अप और आगे के उपचार के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया, ताकि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

विशेषज्ञों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने से वृद्धजन अधिक आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ जीवन व्यतीत कर सकते हैं।

वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिए जाने से उन्हें भावनात्मक संबल और आत्मविश्वास मिला है। वहीं, वृद्धाश्रम प्रबंधन ने जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस तरह के शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page