Sun. Aug 2nd, 2026

अंधेरी रात, मूसलाधार बारिश और टॉर्च की रोशनी में पहुंचा स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा

www.healthbhaskar.com/ सुकमा 02/08/2026. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड के सुदूर वनांचल स्थित ग्राम कामापेदागुड़ा में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनसेवा का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को साबित कर दिया। घनघोर अंधेरे, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बिजली गुल होने जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य कर्मी टॉर्च और मोबाइल की रोशनी के सहारे गांव के घर-घर पहुंचे और पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान भारत तथा वय वंदन योजना के कार्ड बनाए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक ही रात में 15 आयुष्मान भारत कार्ड और 2 वय वंदन योजना के कार्ड तैयार किए। जिन परिवारों को अब तक इलाज के खर्च की चिंता सताती थी, उन्हें उनके घर पहुंचकर योजना का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि प्रशासन का लक्ष्य पात्र हितग्राहियों तक हर हाल में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

आयुष्मान कार्ड प्राप्त करने वाली हितग्राही संध्या पंडो ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम रात में उनके घर पहुंची और उनका कार्ड बनाकर दिया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें इलाज के खर्च की चिंता नहीं रहेगी और यह कार्ड उनके परिवार के लिए कठिन समय में बड़ी राहत और सुरक्षा का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब सुकमा जैसे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है। जिले में 2 लाख 51 हजार 722 पात्र हितग्राहियों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 2 लाख 4 हजार 944 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष 46 हजार 767 पात्र हितग्राहियों को भी योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

कामापेदागुड़ा की यह पहल इस बात का प्रमाण है कि जब प्रशासन की मंशा मजबूत हो और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें, तब अंधेरी रात, मूसलाधार बारिश और दुर्गम रास्ते भी जनसेवा के मार्ग में बाधा नहीं बन सकते। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा और भरोसे का नया प्रतीक बनकर उभरी है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page