Fri. Jul 31st, 2026

चार महीनों में 130 सफल ऑपरेशन, सुकमा जिला अस्पताल बना नई उम्मीद का केंद्र

www.healthbhaskar.com सुकमा 30/07/2026. सुकमा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। मार्च 2026 से तीन वर्षों से बंद पड़ा हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक) ऑपरेशन थिएटर दोबारा शुरू होने के बाद मरीजों को जिले में ही बेहतर और समय पर उपचार मिलने लगा है। पिछले चार महीनों में अस्पताल में 130 सफल ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन किए गए हैं, जिससे सैकड़ों मरीजों और उनके परिवारों को राहत मिली है।

जिला अस्पताल में जनवरी 2026 में एमएस ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. संदीप वर्मा की पदस्थापना के बाद हड्डी रोग उपचार और ऑपरेशन की सुविधाएं मजबूत हुई हैं। पहले मरीजों को इलाज के लिए जगदलपुर, रायपुर या ओडिशा के मलकानगिरी जाना पड़ता था, लेकिन अब जिला अस्पताल में ही निःशुल्क ऑपरेशन, दवाइयां, भोजन और भर्ती की सुविधा उपलब्ध होने से समय और आर्थिक बोझ दोनों कम हुए हैं।

बच्चों की मुस्कान बनी सफलता की मिसाल

ग्राम कुकानार की 13 वर्षीय सोनमती पेड़ से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसके दोनों पैरों की जांघ की हड्डियां टूट गई थीं। जिला अस्पताल में समय पर उपचार, ब्लड बैंक से रक्त की उपलब्धता और सफल ऑपरेशन के बाद वह तेजी से स्वस्थ हो रही है।

वहीं, मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल कुम्हाररास निवासी चार वर्षीय अनुराग माड़वी का भी जिला अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया। उपचार के बाद अब वह सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है।

ओडिशा से भी पहुंच रहे मरीज

जिला अस्पताल की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था का असर अब पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र तक दिखाई दे रहा है। वहां के मरीज भी हड्डी रोग के इलाज के लिए सुकमा जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसे अस्पताल की बढ़ती विश्वसनीयता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमाण माना जा रहा है।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रशासन की प्राथमिकता

कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि जिले के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक संसाधनों के कारण जिला अस्पताल की सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सोनमती और अनुराग जैसे बच्चों की स्वस्थ मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।

जिला अस्पताल सुकमा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विशेषज्ञ उपचार की उपलब्धता से अब स्थानीय लोगों का भरोसा बढ़ा है और अस्पताल क्षेत्र में बेहतर इलाज का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page