रायपुर जेएनएम मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं MBBS की 20 सीटें, अब 250 छात्रों को मिलेगा प्रवेश
www.healthbhaskar.com रायपुर 12 जुलाई 2026. राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (जेएनएम मेडिकल कॉलेज) में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने की अनुमति दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में अब 230 के स्थान पर 250 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
एनएमसी की ओर से 10 जुलाई 2026 को जारी लेटर ऑफ परमिशन (Letter of Permission) के अनुसार, कॉलेज में 20 नई एमबीबीएस सीटों की वृद्धि को मंजूरी प्रदान की गई है। यह मेडिकल कॉलेज पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।
63 वर्षों में 60 से बढ़कर 250 हुई सीटें
वर्ष 1963 में 60 एमबीबीएस सीटों के साथ स्थापित जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय-समय पर अपनी प्रवेश क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार किया है। पहले सीटें बढ़कर 100 हुईं, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 से कुल 250 सीटें हो गई हैं।
प्रदेश के छात्रों को मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एनएमसी के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि एमबीबीएस सीटों में वृद्धि से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और उन्हें अपने ही राज्य में मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर मौका मिलेगा।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों को देते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
