Mon. Feb 23rd, 2026

डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी बने भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक

Healthbhaskar.com: रायपुर, 23 फरवरी 2026। प्रदेश के प्रतिष्ठित होम्योपैथिक चिकित्सक, समाजसेवी एवं युवा नेतृत्वकर्ता डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी को भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ में प्रदेश सह संयोजक नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही चिकित्सा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव, सेवा भावना और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

स्वास्थ्य सेवा में उल्लेखनीय योगदान

डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी पिछले कई वर्षों से होम्योपैथिक चिकित्सा के माध्यम से आमजन को सुलभ, सुरक्षित और प्रभावी उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। वे गंभीर एवं दीर्घकालिक रोगों के सफल उपचार के लिए जाने जाते हैं। साथ ही, उन्होंने निःशुल्क चिकित्सा शिविर, स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम एवं जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया है।

कोविड-19 काल में अनुकरणीय सेवा

कोविड-19 महामारी के दौरान अग्रिम पंक्ति में रहकर मानवीय सेवा का उदाहरण डॉ. त्रिवेदी द्वारा प्रस्तुत किया गया तथा उन्होंने मरीजों को निःशुल्क परामर्श, दवा वितरण, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु मार्गदर्शन करते हुए अहम् कार्य किये है। कठिन समय में उनकी सक्रिय भूमिका को समाज ने व्यापक रूप से सराहा है।

सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रियता

डॉ. त्रिवेदी सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान और युवा जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़े रहे हैं। उनका मानना है कि स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है।

संगठन में सक्रिय भूमिका

राजनीतिक क्षेत्र में भी डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी संगठन के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य नीति संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। इसी प्रतिबद्धता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने कहा कि वे प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, जनजागरूकता और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे।

 


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page