जिला अस्पताल की फिजियोथेरेपी बनी उम्मीद की किरण: सड़क हादसे के बाद ईशान फिर चलने की ओर बढ़े कदम
www.healthbhaskar.com/ मुंगेली /29/07/2026. मुंगेली जिला चिकित्सालय में उपलब्ध आधुनिक फिजियोथेरेपी सेवाएं गंभीर दुर्घटनाओं से जूझ रहे मरीजों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आ रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख और वैज्ञानिक पुनर्वास उपचार की बदौलत एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय ईशान गुप्ता अब दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने और चलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दाउपारा, मुंगेली निवासी ईशान गुप्ता एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। निजी अस्पताल में सफल ऑपरेशन के बाद लंबे समय तक बिस्तर पर रहने के कारण उनकी मांसपेशियां कमजोर पड़ गई थीं और शरीर का संतुलन भी प्रभावित हो गया था। ऐसे में उनके सामान्य जीवन में लौटने की उम्मीद काफी कम हो गई थी।
इसके बाद जिला चिकित्सालय के फिजियोथेरेपी विभाग में उनका पुनर्वास उपचार शुरू किया गया। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. उत्कर्ष पाठक ने ईशान की विस्तृत जांच कर उनकी स्थिति के अनुरूप चरणबद्ध उपचार योजना तैयार की। नियमित चिकित्सकीय व्यायाम, मांसपेशियों को मजबूत करने वाले विशेष अभ्यास, संतुलन प्रशिक्षण, गेट ट्रेनिंग (चलने का प्रशिक्षण) और लगातार चिकित्सकीय निगरानी के माध्यम से कुछ ही सप्ताह में उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
वर्तमान में ईशान पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास के साथ सहारे से खड़े होकर चलने का अभ्यास कर रहे हैं। उनके चेहरे पर लौटती मुस्कान और आत्मविश्वास जिला अस्पताल की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमाण है।
ईशान गुप्ता और उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय की पूरी फिजियोथेरेपी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सकों की विशेषज्ञता, धैर्य और समर्पण ने उन्हें दोबारा सामान्य जीवन जीने की नई उम्मीद दी है। उन्होंने कहा कि जिस समय उन्हें भविष्य को लेकर निराशा थी, उसी समय जिला अस्पताल के उपचार ने उनके जीवन में नई रोशनी भर दी।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि गंभीर दुर्घटनाओं के बाद यदि समय पर फिजियोथेरेपी और वैज्ञानिक पुनर्वास उपचार शुरू किया जाए तो मरीजों की शारीरिक क्षमता तेजी से बेहतर होती है और वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय मुंगेली में विशेषज्ञ फिजियोथेरेपी सेवाएं मरीजों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा भविष्य में भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रतिबद्ध है।
