Fri. Jul 24th, 2026

महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने दी अहम सलाह, सर्वाइकल कैंसर से लेकर PCOD तक पर हुई चर्चा

https://www.healthbhaskar.com रायपुर 24/07/2026. महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर की जय हरितिमा महिला समिति द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, रायपुर के सभागार में महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समिति की सदस्याओं ने भाग लेकर महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. शुचिता गौर, एमडी (माइक्रोबायोलॉजी) एवं पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर की सीनियर रेजिडेंट ने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर, मेनोपॉज (रजोनिवृत्ति), पॉलीसिस्टिक ओवरी डिजीज (PCOD), यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, दैनिक व्यायाम और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।

डॉ. गौर ने महिलाओं से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करें और शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने बताया कि जागरूकता और समय पर उपचार ही बेहतर स्वास्थ्य की सबसे बड़ी कुंजी है।

कार्यक्रम का ड्रेस कोड नीला रखा गया था। इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में डॉ. सुनीता रॉय ने प्रथम तथा श्रीमती क्षमा अग्रवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मनोरंजक खेल प्रतियोगिता में समिति की अध्यक्षा श्रीमती ममता चंदेल और डॉ. सुनीता रॉय विजेता रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. शुचिता गौर को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने सरल और व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया।

कार्यक्रम का आयोजन समिति की अध्यक्षा श्रीमती ममता चंदेल के मार्गदर्शन में किया गया। मंच संचालन डॉ. सविता तिवारी ने किया, जबकि डॉ. स्वाति बिसेन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. नीता खरे, श्रीमती तृप्ति शर्मा, श्रीमती जागृति राणा सहित समिति की कार्यकारिणी का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में शामिल सदस्याओं ने ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल देते हुए कहा कि इससे महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page