Mon. May 11th, 2026

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से छत्तीसगढ़ प्रदेश नर्सेस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात : नववर्ष की शुभकामनाओं संग वर्षों से लंबित मांगें रखीं

Healthbhaskar.com: रायपुर, 8 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश नर्सेस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नववर्ष के अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें नए साल की शुभकामनाएं प्रेषित की है तथा इस अवसर पर एसोसिएशन ने नर्सिंग संवर्ग से जुड़ी वर्षों से लंबित मांगों को मंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई है।

वेतन विसंगति से लेकर पदोन्नति तक: मंत्री जायसवाल से अहम बातचीत

प्रतिनिधिमंडल ने वेतन विसंगति, पदोन्नति, लंबित समयमान वेतनमान, परिवीक्षा अवधि के दौरान कटे स्टाइफंड के एरियर्स सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। नर्सेस एसोसिएशन का कहना है कि इन मांगों के लंबित रहने से नर्सिंग स्टाफ में लंबे समय से असंतोष व्याप्त है, जिसका सीधा असर कार्य संतुष्टि और सेवा गुणवत्ता पर पड़ता है।

नर्सिंग संवर्ग को राहत की उम्मीद, मंत्री से मिला आश्वासन

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नर्सेस की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि जायज मांगों पर शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित कार्यवाही की जाएगी। मंत्री के इस सकारात्मक रुख से नर्सिंग समुदाय में एक बार फिर उम्मीद जगी है।

प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्री के साथ हुई चर्चा अत्यंत सकारात्मक रही है । उन्होंने विश्वास जताया कि नया वर्ष नर्सेस के लिए खुशियों की सौगात लेकर आएगा और इस बार मंत्री द्वारा दिया गया आश्वासन ज़मीन पर उतरकर जरूर पूरा होगा। पदाधिकारियों ने बैठक के बाद संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष तृप्ति साहू, प्रांतीय मीडिया प्रभारी किरण देवी निषाद, प्रांतीय कार्यकारी सदस्य योगिता वर्मा, गरियाबंद जिलाध्यक्ष घनश्याम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी सौजन्य भेंट में उपस्थित थे।

 

 


 

You cannot copy content of this page