प्रभा सम्मान समारोह में 51 विशिष्ट हस्तियों का सम्मान, डॉ. दिनेश मिश्रा को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान
www.healthbhaskar.com/रायपुर ,17 अगस्त 2026. स्वर्गीय श्रीमती प्रभा त्रिवेदी की पावन स्मृति में प्रभा फाउंडेशन द्वारा “सेवा को सम्मान, समर्पण को सलाम” संदेश के साथ प्रभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, जनसेवा, कला-संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कुल 51 प्रतिभावान एवं विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे। वहीं भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच पर प्रभा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विद्याकांत त्रिवेदी, सचिव डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी और कोषाध्यक्ष डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी भी मौजूद रहे।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ज्ञानेंद्र तिवारी, संदीप शुक्ला, रोहित सोनी, प्रतीक चौहान और आकाश शुक्ला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान के लिए डॉ. दिनेश मिश्रा को “लाइफ टाइम अचीवमेंट प्रभा गौरव शिखर सम्मान” से अलंकृत किया जाना रहा।
कोषाध्यक्ष डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने कहा कि प्रभा फाउंडेशन का उद्देश्य केवल सम्मान प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले मौन कर्मयोगियों को पहचानकर उन्हें जनमंच पर सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में आगे भी नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रभा फाउंडेशन की स्थापना स्वर्गीय श्रीमती प्रभा त्रिवेदी के संस्कारों और सेवा भावना को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से की गई है। डॉ. त्रिवेदी परिवार लंबे समय से होम्योपैथी चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने प्रभा फाउंडेशन एवं डॉ. त्रिवेदीज होम्योपैथी के प्रयासों की सराहना की। आयोजन समिति और सहयोगियों के योगदान से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रभा फाउंडेशन का संकल्प है— “सेवा की रोशनी को सम्मान के दीप से आगे बढ़ाना।”
