मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की मांग, नड्डा से मिले केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू
स्थानीय विद्यार्थियों को मिलेगा चिकित्सा शिक्षा का अवसर, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद
www.healthbhaskar.com/रायपुर/नई दिल्ली 02 सितम्बर 2026. मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुंगेली में चिकित्सा महाविद्यालय की आवश्यकता और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए केंद्र स्तर पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
साहू ने बताया कि जिला मुख्यालय मुंगेली में वर्तमान में मेडिकल कॉलेज नहीं है। इसके कारण जिले के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। मुंगेली के सबसे नजदीक चिकित्सा महाविद्यालय बिलासपुर में है, जो करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित है। मेडिकल कॉलेज नहीं होने का असर न केवल विद्यार्थियों की उच्च चिकित्सा शिक्षा पर पड़ रहा है, बल्कि जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की जरूरत भी बनी हुई है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री नड्डा को बताया कि मुंगेली में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का विस्तार होगा। इसका लाभ मुंगेली के साथ आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी मिल सकेगा।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी रखी थी मांग
मुंगेली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने भी क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी थी। उन्होंने बताया था कि जिले में चिकित्सा शिक्षा संस्थान की स्थापना होने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री साहू ने कहा कि मुंगेली जिले के विकास और क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ केंद्र सरकार के समक्ष रखा जा रहा है। मेडिकल कॉलेज की मांग भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र स्तर पर इस विषय में सकारात्मक पहल होगी, जिससे मुंगेली जिले को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिल सकती है।
