अम्बेडकर अस्पताल में बदली इमरजेंसी की एंट्री व्यवस्था, गंभीर मरीजों को मिलेगा सीधा प्रवेश
www.healthbhaskar.com/ रायपुर/बिलासपुर, 9 अगस्त 2026.पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय की इमरजेंसी में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया है। नई व्यवस्था सोमवार से लागू होगी। इसके तहत गंभीर मरीजों को भीड़ के बीच से गुजरकर इमरजेंसी तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
अब ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 (कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर कक्ष) से आपात मरीजों का प्रवेश और पंजीयन किया जाएगा। सीएमओ कक्ष में मरीज की प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर एवं तत्काल चिकित्सा की जरूरत वाले मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के सीधे आपात चिकित्सा विभाग भेजा जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण वर्तमान इमरजेंसी प्रवेश स्थल पर भीड़ और स्थानाभाव की स्थिति बन रही थी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए कुछ वर्ष पहले तक संचालित रही प्रवेश व्यवस्था को फिर से व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर की अध्यक्षता में शनिवार को अधिकारियों की बैठक हुई। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में बढ़ती भीड़ और स्थान की कमी का जायजा लिया गया। इसके बाद संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ चर्चा कर नई प्रवेश व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया।
डॉ. सोनकर ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य इमरजेंसी में भीड़ को नियंत्रित करना, गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना और मरीजों एवं परिजनों की आवाजाही को सुगम बनाना है। व्यवस्था लागू होने के बाद इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी और जरूरत के अनुसार सुधार किए जाएंगे।
बैठक में अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रविकांत दास, रेडियोडायग्नोसिस विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे, क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ. ओपी सुंदरानी, निश्चेतना विभागाध्यक्ष प्रभारी डॉ. प्रतीक्षा अग्रवाल, मेडिसिन विभाग के प्राध्यापक डॉ. वाय. मल्होत्रा, सहायक अधीक्षक डॉ. अनिल बघेल और आपात चिकित्सा विभाग के प्रभारी डॉ. रोहित दुबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
