सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं हमारी सरकार की प्राथमिकता – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
Healthbhaskar.com: रायपुर, 27 अक्टूबर 2025 क्रिटिकल केयर मेडिसिन पर आधारित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘क्रिटिकॉन रायपुर–2025’ का आयोजन संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘क्रिटिकॉन रायपुर–2025’ के आयोजन को सम्बोधित करते हुए कहा की राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश और विदेश के चिकित्सकों, विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं द्वारा भाग लिया गया था। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्रिटिकॉन रायपुर–2025 चिकित्सा विज्ञान में नवाचार और उत्कृष्टता का ऐसा मंच है जो न केवल गंभीर रोगियों के इलाज की नई दिशा तय करेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन जीवन रक्षा की रीढ़ है, जो गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को नया जीवन देने का कार्य करती है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अस्पतालों, क्रिटिकल केयर इकाइयों और मेडिकल सुविधाओं का विस्तार किया जाए ताकि किसी भी व्यक्ति को आपात स्थिति में समय पर उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि नवा रायपुर अटल नगर में ‘मेडिसिटी’ और ‘फार्मा हब’ का निर्माण किया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभरेगा। साथ ही प्रदेश के अन्य शहरों में नए अस्पतालों की स्थापना निरंतर जारी है, जो राज्य को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने रामकृष्ण केयर ग्रुप को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब चिकित्सा उत्कृष्टता केंद्र के रूप में पूरे देश में पहचान बना रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का संबोधन
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे अति महत्वपूर्ण विषय पर सम्मेलन की मेजबानी रायपुर को मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि दो दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन से निश्चित रूप से ऐसे नवाचार और उपचार के नए मॉडल सामने आएंगे जो मानव स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित होंगे।
डॉ. सिंह ने कहा कि आज चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) और रोबोटिक्स टेक्नोलॉजी (Robotics Technology) जैसी आधुनिक तकनीकों से इलाज की नई संभावनाएं खुल रही हैं, जो नए भारत की नई कहानी लिख रही हैं। उन्होंने चिकित्सकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा की जब परिवार में कोई आपात स्थिति होती है और मरीज को सही समय पर हॉस्पिटल पहुंचाया जाता है, तब भय और अनिश्चितता के बीच क्रिटिकल केयर डॉक्टर ही वे योद्धा होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Yojana) के माध्यम से 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार आम लोगों के लिए बड़ी राहत है।
सम्मेलन में हुआ चिकित्सकों का सम्मान
इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ श्री वरुण खन्ना, और देश-विदेश व राज्यभर से आए 1300 से अधिक डॉक्टर्स की उपस्थिति थी। स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉक्टरों को मंच से सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा क्षेत्र में मानव संसाधन, तकनीकी नवाचार और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर निरंतर कार्य कर रही है ताकि प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य का अधिकार व्यवहारिक रूप में प्राप्त हो सके।
