छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की खाली सीटों पर प्रवेश का मौका, मॉप-अप राउंड काउंसिलिंग के लिए आवेदन शुरू
www.healthbhaskar.com/रायपुर 20 नवम्बर 2026. छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की काउंसिलिंग संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इस चरण में नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन का अवसर मिलेगा। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी दोबारा संस्था और विषय का चयन कर सकेंगे।
विकल्प भरकर लॉक करना अनिवार्य
काउंसिलिंग समिति के अनुसार, संयुक्त काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपने पसंदीदा संस्थान और पाठ्यक्रम के विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य होगा। प्रथम चरण में प्रवेश प्राप्त कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन का विकल्प भी दिया जाएगा।
10 पर्सेंटाइल वाले अभ्यर्थियों को भी मौका
इस काउंसिलिंग की एक महत्वपूर्ण बात यह है कि बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी पंजीयन कराकर संस्थाओं का चयन कर सकेंगे। हालांकि, यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।
संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के तहत किया जाएगा।
समिति ने सभी पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर नियमित रूप से नजर रखें।
