Wed. Nov 18th, 2026

घुटनों के बल चलने को मजबूर थी सुकमा की दीपिका, बोन टीबी को हराकर अब नवोदय विद्यालय में गढ़ रही भविष्य

www.healthbhaskar.com/रायपुर 18 नवम्बर 2026.  कभी गंभीर बीमारी के कारण अपने पैरों पर खड़ी तक नहीं हो पाने वाली सुकमा जिले की दीपिका नाग ने संघर्ष और हौसले की ऐसी मिसाल पेश की है, जो हर किसी को प्रेरित करती है। हड्डी की टीबी (बोन टीबी) जैसी गंभीर बीमारी से जूझने वाली दीपिका आज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने पैरों पर खड़ी हैं और जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर अपने सुनहरे भविष्य के सपने बुन रही हैं। उनकी इस सफलता में परिवार के साथ-साथ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संवेदनशील पहल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

घुटनों के बल चलने को थी मजबूर

सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम बकुला घाट निवासी स्वर्गीय तुलसीराम नाग की बेटी दीपिका को वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक परेशानी के चलते जिला अस्पताल लाया गया था। उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि वह अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पाती थीं और घुटनों के बल चलने को मजबूर थीं।

जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने जांच के बाद दीपिका में बोन टीबी की पुष्टि की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रखकर उनकी लगातार निगरानी की गई और उपचार शुरू किया गया।

दो साल तक चला निःशुल्क इलाज, पोषण सहायता भी मिली

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में दीपिका का लगभग दो वर्षों तक पूरी तरह निःशुल्क उपचार किया गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत उन्हें नियमित जांच के साथ पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। उपचार और बेहतर पोषण के परिणामस्वरूप दीपिका के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हुआ और उनका वजन भी 15 किलोग्राम बढ़ा।

धीरे-धीरे बीमारी पर नियंत्रण मिला और दीपिका फिर से अपने पैरों पर खड़ी होने लगीं। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जिंदगी को नई दिशा देने के लिए पढ़ाई जारी रखी।

बीमारी को हराकर नवोदय विद्यालय में बनाई जगह

स्वास्थ्य में सुधार के बाद दीपिका ने अपनी मेहनत और लगन से जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की। आज वह कक्षा 11वीं की मेधावी छात्रा हैं और पूरे उत्साह के साथ पढ़ाई कर रही हैं। कभी जिन कदमों को चलने के लिए सहारे की जरूरत थी, आज उन्हीं कदमों से वह अपने सपनों की ओर आगे बढ़ रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी जारी है। हाल ही में दीपावली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक जयनारायण सिंह ने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली और फॉलोअप किया।

इस दौरान दीपिका को वर्ष 2020 की वह पुरानी तस्वीर दिखाई गई, जब वह अस्पताल में भर्ती थीं। अपनी पुरानी स्थिति को याद कर वह भावुक हो उठीं। कभी बीमारी से जूझने वाली दीपिका के चेहरे पर आज स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य की संतुष्टि भरी मुस्कान है।

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से बदली जिंदगी

दीपिका और उनके परिवार ने कठिन समय में उपचार, पोषण सहायता और निरंतर सहयोग उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन सुकमा और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।

दीपिका की कहानी बताती है कि समय पर बीमारी की पहचान, उचित उपचार, पोषण और निरंतर देखभाल से गंभीर चुनौतियों को भी हराया जा सकता है। सुकमा की यह बेटी आज न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page