नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : सीएम साय
www.healthbhaskar.com/रायपुर 18 नवम्बर 2026. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का कार्य है। मरीजों की देखभाल और उनके जीवन की रक्षा में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन और सेवाभाव के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस कॉलेज में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। संस्थान की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। खास बात यह है कि यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं।
कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ छात्राओं को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार हैं। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है। राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या 15 से अधिक हो चुकी है। इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज भी प्रारंभ किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मोदी की गारंटी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की संख्या लगभग 3100 हो गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ बेटियों के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात है।
कार्यक्रम को विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने भी संबोधित किया और छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नर्सिंग कौशल कॉलेज की स्थापना से जशपुर सहित आसपास के जनजातीय एवं वंचित वर्गों की बेटियों को व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार का नया अवसर मिलेगा। इससे महिला सशक्तीकरण के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
