Wed. Oct 28th, 2026

एनिग्मा 9.0 में खिलाड़ियों का सम्मान, विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

www.healthbhaskar.com/रायपुर 28 अक्टूबर 2026. पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में चिकित्सा शिक्षा विभाग के पूर्व संचालक एवं ऑर्थोपेडिक्स विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुबीर मुखर्जी तथा विशेष अतिथि के रूप में एनाटॉमी विभाग के पूर्व प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. माणिक चटर्जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मेजबानी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी और डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने की।

खेलों से मिलता है अनुशासन और टीम भावना का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अमित कटारिया ने कहा कि व्यस्त कार्यक्रम और आवश्यक बैठक के बावजूद उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करने के उद्देश्य से समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में रायपुर नगर निगम आयुक्त रहते हुए भी वे महाविद्यालय के खेल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा कि खेल महाविद्यालयीन जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ हार को स्वीकार करने तथा उससे उबरने की क्षमता भी बढ़ाते हैं। जीत से मिलने वाला आनंद और संतुष्टि खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और विभिन्न आउटडोर खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शतरंज के छात्र वर्ग में अभिषेक राजवाड़े और छात्रा वर्ग में डॉ. हिमानी बंजारे ने प्रथम स्थान हासिल किया। टेबल टेनिस पुरुष एकल में डॉ. मनीष साहू तथा महिला एकल में डॉ. मनीषा टोप्पो विजेता रहे।

कैरम महिला एकल वर्ग में डॉ. हर्षिता तलांडी और पुरुष एकल वर्ग में डॉ. वैभव साहू ने जीत दर्ज की। बैडमिंटन पुरुष एकल में डॉ. आदित्य जैन विजेता बने।

एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में कर्णिक ठाकुर और महिला वर्ग में गरिमा दर्रो ने पहला स्थान प्राप्त किया। शॉटपुट महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल विजेता रहीं। डिस्कस थ्रो महिला वर्ग में भी डॉ. जयलता बघेल ने बाजी मारी, जबकि लॉन्ग जंप महिला वर्ग में वर्षा बघेल प्रथम रहीं। जेवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग में डॉ. श्रवण कुमार पैकरा और महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल ने जीत हासिल की।

टीम स्पर्धाओं में 2021 और 2022 बैच का दबदबा

टीम स्पर्धाओं में भी विभिन्न बैच के विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया। फुटबॉल पुरुष वर्ग में 2022 बैच की टीम ए विजेता रही। बास्केटबॉल के पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी के पुरुष एवं महिला, दोनों वर्गों में 2022 बैच की टीमों ने जीत दर्ज की।

क्रिकेट पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच विजेता रहा। वहीं, वॉलीबॉल के पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में 2021 बैच की टीमों ने पहला स्थान प्राप्त किया।

मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

समारोह में सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि अमित कटारिया ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के आयोजन में स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष डॉ. एसबीएस नेताम, स्पोर्ट्स कमेटी के अध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे और सह-अध्यक्ष डॉ. प्रदीप चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खेल समिति में डॉ. राजेंद्र अहिरे, डॉ. करिश्मा सिंह, डॉ. कुशल चक्रवर्ती और डॉ. नागेंद्र सिंह सोनवानी शामिल रहे। छात्र समिति की ओर से स्पोर्ट्स सेक्रेटरी अर्चिकांगे एवं आलोक राज चेल्के ने आयोजन संबंधी जिम्मेदारियां संभालीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. के.के. साहू और डॉ. कुशल चक्रवर्ती ने किया।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page