Sun. Sep 27th, 2026

सेवा संकल्प अभियान: मोहला में मेगा स्वास्थ्य शिविर, 34 दिव्यांगजनों को मिला लाभ

www.healthbhaskar.com/रायपुर  27 सितम्बर 2026.  सेवा संकल्प अभियान के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के जिला मुख्यालय मोहला में मेगा स्वास्थ्य शिविर एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड शिविर आयोजित किया गया। समाज कल्याण और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर में नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, उपचार संबंधी परामर्श और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

34 दिव्यांगजनों को मिला लाभ

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में आयोजित विशेष मेडिकल बोर्ड शिविर में करीब 51 नागरिकों ने सहभागिता की। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता का आकलन किया। पात्र हितग्राहियों के दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं यूडीआईडी कार्ड तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

शिविर के माध्यम से कुल 34 हितग्राही लाभान्वित हुए। इनमें 18 अस्थिबाधित, 4 श्रवण बाधित, 8 मानसिक रोग से प्रभावित, एक सिकल सेल और 3 लकवा से प्रभावित हितग्राही शामिल रहे। यूडीआईडी कार्ड के जरिए दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।

स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की जानकारी

मेगा स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनकर आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर में अंगदान एवं नेत्रदान, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, टीबी मुक्त भारत अभियान और स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान सहित विभिन्न विषयों पर जागरूकता स्टॉल लगाए गए। नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई।

मितानिनों का सम्मान, टीबी मरीजों को पोषण आहार

कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों को सम्मानित किया गया। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

इसके अलावा निश्चय मित्र पहल के तहत टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित किया गया। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। वहीं बुजुर्ग हितग्राहियों को दैनिक जीवन में सुविधा के लिए सहायक उपकरण के रूप में छड़ी वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिलीप वर्मा, जिला पंचायत सदस्य नरसिंह भंडारी, सरपंच गजेंद्र पुरामें, जिला पंचायत सीईओ उज्जवल पोरवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page