सूरजपुर में 1,180 गर्भवती महिलाओं की जांच, 123 हाई रिस्क मामलों की पहचान
www.healthbhaskar.com/रायपुर 24 सितम्बर 2026. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले में गुरुवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान आयोजित किया गया। जिले के जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जांच के साथ महिलाओं को पोषण, दवाइयों और सुरक्षित प्रसव को लेकर आवश्यक परामर्श भी दिया।
अभियान के दौरान जिले में कुल 1,180 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच में 123 महिलाओं को उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था के रूप में चिन्हित किया गया। वहीं, 106 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी कराई गई। चिकित्सकों ने आवश्यकतानुसार उपचार और आगे की जांच के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला चिकित्सालय के अलावा भैयाथान, प्रतापपुर, ओड़गी और रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में शासकीय एवं निजी विशेषज्ञों के सहयोग से प्रत्येक माह की 9 और 24 तारीख को सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए जिले के विभिन्न सेक्टरों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से महिलाओं की जांच करने के साथ उन्हें गर्भावस्था के दौरान पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों के सेवन और सुरक्षित प्रसव के संबंध में जरूरी जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाना है।
