JDA छत्तीसगढ़ का बड़ा ऐलान: कल से प्रदेशभर में OPD सेवाओं का बहिष्कार, 28 सितंबर से इमरजेंसी सेवाओं पर भी असर की तैयारी
www.healthbhaskar.com/रायपुर 24 सितम्बर 2026. जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA), छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों और संबद्ध अस्पतालों में लंबित मांगों को लेकर आंदोलन के अगले चरण की घोषणा कर दी है। संगठन के अनुसार, 25 सितंबर से प्रदेशभर में OPD सेवाओं का बहिष्कार किया जाएगा।
JDA के मुताबिक, 18 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ हुई चर्चा में संगठन ने अपनी प्रमुख मांगें रखी थीं। इस दौरान मांगों के समाधान के लिए सात दिन का समय मांगा गया था। इसके बाद JDA ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करते हुए नियमित चिकित्सा सेवाएं जारी रखीं।
संगठन का कहना है कि सात दिन की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी उसकी तीन प्रमुख मांगों को लेकर अपेक्षित ठोस निर्णय या आदेश जारी नहीं हुआ है। इसी के चलते अब आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, JDA ने मरीजों और आम जनता को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए समानांतर OPD (Parallel OPD) संचालित करने की बात कही है। संगठन के अनुसार, इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को वैकल्पिक रूप से चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।
28 सितंबर से इमरजेंसी सेवाओं पर भी असर की तैयारी
JDA ने आगे की रणनीति भी स्पष्ट कर दी है। संगठन के अनुसार, यदि निर्धारित समय में मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो 28 सितंबर से PG Residents, MBBS Interns, Bonded Medical Officers और Senior Residents द्वारा Emergency सेवाओं से भी हटने का चरण प्रस्तावित है।
JDA का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों की मांगों का समयबद्ध एवं नीतिगत समाधान कराना है। संगठन ने कहा कि अब तक संवाद और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक माध्यमों को प्राथमिकता दी गई है।
एसोसिएशन ने सरकार से मरीजों और चिकित्सकों दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ठोस निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।
