स्वास्थ्य अधोसंरचना को मिलेगी नई रफ्तार, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा
www.healthbhaskar.com रायपुर 05/08/2026. प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। इनमें अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नवीन सिकल सेल इंस्टीट्यूट, बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल तथा स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, गंभीर मरीजों के उपचार और चिकित्सा शिक्षा की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
बैठक में सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने के निर्देश दिए।
श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय में पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेशवासियों को जल्द से जल्द इन नई स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
