पीवीटीजी क्षेत्रों में टीबी उन्मूलन अभियान तेज, नव-पंजीकृत मरीजों को मिला पोषण किट और स्वास्थ्य सहायता
www.healthbhaskar.com रायपुर 05/08/2026. प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) क्षेत्रों में टीबी उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों की समय पर पहचान, नियमित उपचार, पोषण सहायता और स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी पीवीटीजी टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान नियमित रूप से निक्षय पोषण आहार किट उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और निरंतर सहयोग भी दिया जा रहा है।
इसी क्रम में 1 अगस्त 2026 को बगीचा विकासखंड के ग्राम गायबुड़ा, महादेवजोबला, रोकड़ापाठ और भट्टीकोना में नव-पंजीकृत चार टीबी मरीजों के घर स्वास्थ्य टीम पहुंची। इस दौरान मरीजों को पोषण आहार किट वितरित की गई, स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, आवश्यक दवाइयां दी गईं तथा पीवीटीजी हेल्पडेस्क के माध्यम से परिवार के अन्य सदस्यों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई।
स्वास्थ्य दल ने ग्रामीणों और मरीजों को टीबी के लक्षण, नियमित दवा सेवन, उपचार बीच में नहीं छोड़ने तथा समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार अभियान से समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है और टीबी उन्मूलन सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी लोगों की भागीदारी मजबूत हुई है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनजागरूकता, पोषण सहायता और घर-घर स्वास्थ्य सेवाओं का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
