Tue. Jul 14th, 2026

सुकमा के गादीरास में मेगा मेडिकल कैंप: 447 ग्रामीणों का निःशुल्क उपचार, आयुष्मान और वय वंदन कार्ड भी वितरित

www.healthbhaskar.com रायपुर 13 जुलाई 2026. सुदूर वनांचल क्षेत्र के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में सुकमा जिले के ग्राम पंचायत गादीरास में आयोजित निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर में 447 ग्रामीणों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड का भी लाभ प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में कलेक्टर अमित कुमार की विशेष पहल पर आयोजित इस शिविर में आंध्र प्रदेश के ग्रेट ईस्टर्न मेडिकल स्कूल एंड हॉस्पिटल, रागोलू-श्रीकाकुलम के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर सेवाएं दीं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच, मुफ्त दवाइयां भी दी गईं

मेडिकल कैंप में मेडिसिन, जनरल सर्जरी, बाल रोग और अस्थि रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी और 2डी-ईको जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी बिना किसी शुल्क के की गईं।

गंभीर मरीजों को किया गया रेफर

जांच के दौरान गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया। इनमें 12 अस्थि रोग, 10 शिशु रोग और 27 जनरल सर्जरी के मरीज शामिल हैं। जिला प्रशासन ने इन मरीजों के आवागमन के लिए निःशुल्क बस सुविधा भी उपलब्ध कराई।

62 आयुष्मान और 10 वय वंदन कार्ड वितरित

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। इस दौरान 62 आयुष्मान कार्ड और 10 वय वंदन कार्ड वितरित किए गए, जिससे जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के मेगा मेडिकल कैंप आयोजित कर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर जांच, उपचार, दवाइयां और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page