Fri. Jun 26th, 2026

धमतरी में 28 जून से राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, 1.10 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

www.healthbhaskar.com रायपुर/धमतरी 25/06/2026 . देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से धमतरी जिले में 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान का इस वर्ष का नारा “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” रखा गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 1 लाख 10 हजार 443 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में 756 पोलियो बूथ बनाए गए हैं।

अभियान के सफल संचालन के लिए 1,915 स्वास्थ्य एवं मैदानी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं ईंट-भट्ठों, कोयला भट्ठों, निर्माण स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे प्लेटफॉर्म तथा घुमंतू परिवारों जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 29 विशेष मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 68 सदस्य तैनात रहेंगे।

पहले दिन बूथों पर टीकाकरण, फिर घर-घर सर्वे

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 28 जून को जिले के सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और छूटे हुए बच्चों को मौके पर ही दवा पिलाएंगी। साथ ही प्रत्येक घर का अनिवार्य चिन्हांकन भी किया जाएगा।

पोलियो मुक्त भारत को बनाए रखना जरूरी

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि भारत को वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है। हालांकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देशों में अभी भी वाइल्ड पोलियो वायरस सक्रिय है। अंतरराष्ट्रीय आवागमन के कारण संक्रमण का खतरा बना रहता है, इसलिए नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान के माध्यम से सुरक्षा कवच को मजबूत बनाए रखना आवश्यक है।

अभिभावकों से अपील

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 28 जून को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page