टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर केंद्रीय मंत्री नड्डा ने की समीक्षा, छत्तीसगढ़ ने गिनाई उपलब्धियां
www.healthbhaskar.comरायपुर 20 जून 2026. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी राज्यों के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रियों के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में छत्तीसगढ़ की ओर से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए और राज्य में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगातार अभियान चलाकर टीबी मरीजों की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और राज्य के कई गांव एवं ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं।
बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील भी शामिल हुए। इसके अलावा सभी राज्यों के मुख्य सचिव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लिया।
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकारों के साझा प्रयासों से निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा। उन्होंने टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, नियमित उपचार, हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान तथा मरीजों तक त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया।
नड्डा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी से टीबी उन्मूलन अभियान को और गति मिलेगी। उन्होंने सभी राज्यों से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए समन्वित प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
