छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष बने संजय अग्रवाल, शासन ने जारी किया नियुक्ति आदेश
healthbhaskar.com रायपुर, 19 जून 2026 छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग ने राज्य में योग गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्री संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में विभाग द्वारा 18 जून 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति अधिसूचना दिनांक 25 अप्रैल 2017 तथा योग आयोग नियम-2017 के प्रावधानों के तहत की गई है। संजय अग्रवाल आयोग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और राज्य में योग के प्रचार-प्रसार तथा संबंधित गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि अध्यक्ष का कार्यकाल योग आयोग नियम, 2017 की कंडिका-6(3) के अनुसार अथवा आगामी आदेश जारी होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
यह नियुक्ति आदेश छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। शासन के इस निर्णय को योग और आयुष क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
