विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को मुख्यमंत्री ने भेंट की टाटा सिएरा
Healthbhaskar.com: रायपुर, 14 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांशा सत्यवंशी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए राज्य सरकार और उद्योग जगत की ओर से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें टाटा सियेरा एसयूवी कार उपहार स्वरूप प्रदान की है। यह सम्मान उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकांक्षा सत्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है और उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की सफलता ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और छत्तीसगढ़ के लिए यह विशेष गर्व का विषय है कि इस ऐतिहासिक जीत में प्रदेश की बेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
बेटियों की सफलता से बढ़ा देश और प्रदेश का सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल खेल जगत के लिए ही नहीं बल्कि देश की बेटियों के आत्मविश्वास और क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। खेल, शिक्षा, विज्ञान और प्रशासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने अपनी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने टाटा मोटर्स की पहल की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों और खेल से जुड़े विशेषज्ञों को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के सम्मान बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे खेल क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों का मनोबल बढ़ता है और युवा पीढ़ी को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
खेल अधोसंरचना के विकास से मिल रहा बेहतर मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न योजनाएं और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें बस्तर और सरगुजा जैसे सुदूर क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नई दिशा दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन प्रदेश के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पा रहे हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक रही छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल अधोसंरचना के विकास और प्रशिक्षण सुविधाओं में सुधार के कारण राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में कई बड़े खेल आयोजन होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को और अधिक अवसर मिलेंगे। इसके अलावा नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से भी राज्य में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बना है।
मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन प्रेरणादायक: आकांक्षा सत्यवंशी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री से मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का अत्यंत यादगार क्षण है।आकांक्षा सत्यवंशी कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया और विशेष रूप से उन्हें मिलने के लिए आमंत्रित किया।
आकांक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा उनका मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि टीम के साथ काम करते हुए उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों के समर्पण और टीम भावना के कारण भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया।
आकांक्षा सत्यवंशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में उनकी भूमिका खिलाड़ियों की फिटनेस बनाए रखने और चोट से उबरने में मदद करने की होती है। विश्व कप के दौरान टीम के प्रत्येक खिलाड़ी की फिटनेस और रिकवरी पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे टीम को लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले वर्ष आईसीसी महिला विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। यह पहली बार था जब टीम ने इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा किया।इस उपलब्धि के सम्मान में देशभर में टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का सम्मान किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की निवासी और टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
नवा रायपुर में आयोजित इस समारोह में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह आकांक्षा सत्यवंशी के परिजन तथा टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।समारोह का वातावरण उत्साह और गर्व से भरा रहा। उपस्थित लोगों ने आकांक्षा सत्यवंशी की उपलब्धि को प्रदेश के लिए प्रेरणादायक बताया है।
