Pt. JNM मेडिकल कॉलेज रायपुर में ISO-प्रमाणित 4-दिवसीय लैब मैनेजमेंट एवं इंटरनल ऑडिट प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
Healthbhaskar.com: रायपुर 9 दिसंबर 2025 छत्तीसगढ़ Pt. JNMMC रायपुर में MELAP (Medical Education and Learning Point) एवं पैथोलॉजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 4-दिवसीय ISO प्रमाणित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यह प्रशिक्षण Lab Management Systems, Internal Audit, तथा Quality Control Standardization जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित है, जो आधुनिक प्रयोगशाला सेवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक माने जाते हैं।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम की आयोजिका डॉ. राबिया परवीन सिद्दीकी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष पैथोलॉजी, ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान समय में लैब मैनेजमेंट, क्वालिटी कंट्रोल, और स्टैंडर्डाइज्ड टेस्टिंग प्रोटोकॉल चिकित्सा संस्थानों में सेवा गुणवत्ता को बढ़ाने की मुख्य आवश्यकताएँ बन चुकी हैं।
प्रशिक्षण में ISO 15189 दिशानिर्देशों पर विशेष ध्यान
यह प्रशिक्षण नवीनतम ISO 15189 दिशानिर्देशों पर आधारित है, जो चिकित्सा प्रयोगशालाओं के लिए अत्यधिक महत्त्वपूर्ण गुणवत्ता मानक निर्धारित करता है। देशभर के सरकारी एवं निजी अस्पतालों से आए 60 से अधिक प्रतिनिधि इस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। विशेषज्ञों ने अपने सत्रों में गुणवत्ता एश्योरेंस, इंटरनल ऑडिट प्रक्रियाओं, तथा प्रमाणन (Accreditation) के व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
डीन डॉ. विवेक चौधरी का संदेश — गुणवत्ता आधारित लैब सेवाएँ स्वास्थ्य व्यवस्था की कुंजी
कार्यक्रम के समापन व्याख्यान में डीन डॉ. विवेक चौधरी ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली प्रयोगशाला सेवाएँ डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर सहित पूरे प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र की विश्वसनीयता को बढ़ाती हैं और मरीज़ों की देखभाल के स्तर में सुधार करती हैं। डीन डॉ. विवेक चौधरी ने अंत में कहा की ऐसे आयोजन संस्थान के लिए सकारात्मक बदलाव लेकर आते है, तथा ऐसे प्रशिक्षण समय – समय पर आयोजित होते रहने चाहिए।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवा की बढ़ती मांगों को देखते हुए लैब सुविधाओं का उन्नयन और मानकीकरण अत्यंत आवश्यक है, ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा सकें।
समन्वय एवं संचालन में वरिष्ठ विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र से लेकर अंत तक मंच का सुदृढ़ एवं व्यवस्थित संचालन डॉ. वनीता भास्कर और डॉ. श्रद्धा साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. जयंती चंद्राकर, प्रोफेसर पैथोलॉजी ने सभी विशिष्ट अतिथियों, गेस्ट फैकल्टी और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। डॉ. वर्षा पांडे, एसोसिएट प्रोफेसर पैथोलॉजी, द्वारा प्रशिक्षण अवधि के दौरान लॉजिस्टिक सपोर्ट एवं ऑन-साइट प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गयी।
