छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं की होगी समीक्षा, 18वें कॉमन रिव्यू मिशन के तहत केंद्रीय टीम पहुंचेगी सुकमा और बलौदाबाजार
www.healthbhaskar.com/रायपुर 24 नवम्बर 2026. छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत जानने के लिए केंद्रीय टीम प्रदेश के दौरे पर रहेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत 18वें कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) के तहत टीम सुकमा और बलौदाबाजार जिलों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेगी।
इस संबंध में रायपुर के एक निजी होटल में केंद्रीय टीम के सदस्यों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। भ्रमण के लिए टीम को दो दलों में विभाजित किया गया है, जो संबंधित जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों और वहां संचालित सेवाओं का जायजा लेंगे।
ब्रीफिंग में मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, मलेरिया, टीबी सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। केंद्रीय टीम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, NHSRC, NIHFW, ICMR-NIV, CCRAS तथा अन्य राष्ट्रीय और सहयोगी संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हैं।
टीम में डॉ. रघुराम राव, डॉ. ओ.पी. कंसल, डॉ. मिहिर कुमार मलिक, डॉ. अशोक मुनिवेंकटप्पा, डॉ. निधि तिवारी, डॉ. सुरभि यादव और डॉ. अतुल मित्तल सहित कई स्वास्थ्य विशेषज्ञ शामिल हैं।
कॉमन रिव्यू मिशन के माध्यम से प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं का आकलन किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक पहल करने में मदद मिलेगी।
