Thu. Oct 8th, 2026

राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा पीएचसी साधवानी, एनक्यूएएस मूल्यांकन में हासिल की सफलता

www.healthbhaskar.com/रायपुर  08 अक्टूबर 2026. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साधवानी ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के मूल्यांकन में सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया है।

इस उपलब्धि से स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूती मिली है।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं, मरीजों के अधिकार, उपलब्ध संसाधन, क्लीनिकल एवं सहायक सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और परिणाम आधारित सेवाओं समेत विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है। पीएचसी साधवानी ने निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करते हुए यह सफलता हासिल की।

व्यवस्थाओं में सुधार और मरीज-केंद्रित सेवाओं पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दे रही है। इसी दिशा में जीपीएम जिले में स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में स्वास्थ्य संस्थानों में एनक्यूएएस की तैयारियों और गुणवत्ता सुधार को प्राथमिकता दी गई। इसके तहत आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करने, रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने, संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन और मरीज-केंद्रित सेवाओं को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

टीमवर्क से मिली सफलता

पीएचसी साधवानी की सफलता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन और मॉनिटरिंग के साथ जिला स्तरीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मूल्यांकन की तैयारियों के दौरान फील्ड मॉनिटरिंग, गैप एनालिसिस, दस्तावेजीकरण और आवश्यक सुधारात्मक गतिविधियों को लगातार पूरा किया गया।

चिकित्सा अधिकारी, आरएमए, एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और सपोर्टिंग स्टाफ ने टीम भावना एवं बेहतर समन्वय के साथ काम किया। एनक्यूएएस में मिली यह सफलता जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page