चलती 108 संजीवनी एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, ईएमटी और पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव
www.healthbhaskar.com राजनांदगांव 29 जून 2026 । जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 संजीवनी एक्सप्रेस ने एक बार फिर गर्भवती महिला और उसके नवजात के लिए जीवनरक्षक भूमिका निभाई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने पर एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी और पायलट ने सूझबूझ व तत्परता का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खजरी निवासी सुदर्शन यादव अपनी गर्भवती पत्नी राधिका यादव को प्रसव पीड़ा होने पर शाम करीब 7:30 बजे घुमका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्रसव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए राधिका को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद राधिका को 108 संजीवनी एक्सप्रेस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया जा रहा था। एम्बुलेंस जैसे ही ग्राम डूमरडीह के पास पहुंची, महिला की प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी ललिता बघेल ने तत्काल पायलट छगन साहू को वाहन सुरक्षित स्थान पर रोकने के निर्देश दिए।
ईएमटी ललिता बघेल और पायलट छगन साहू ने अपनी मेडिकल ट्रेनिंग और सूझबूझ का परिचय देते हुए एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। राधिका यादव ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। सुरक्षित प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों को आगे की चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई।
इस सफल प्रसव के बाद एम्बुलेंस में मौजूद मितानिन, नवजात के पिता सुदर्शन यादव और अन्य परिजनों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस की त्वरित एवं संवेदनशील सेवा की सराहना की। परिजनों ने कहा कि यदि ईएमटी और पायलट ने समय रहते सूझबूझ नहीं दिखाई होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने दोनों कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए 108 आपातकालीन सेवा की प्रशंसा की।
