नशा मुक्ति केंद्र पहुंचकर कलेक्टर ने परखी व्यवस्थाएं, पुनर्वास पर दिया जोर
www.healthbhaskar.com/ दुर्ग 29/06/2026 कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सोमवार को सुपेला स्थित कल्याणी सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर उपचार, परामर्श और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार और काउंसलिंग की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र के संचालक अजय कल्याणी से भोजन, दवाइयों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था तथा चिकित्सकीय सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में भर्ती प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र केवल इलाज का स्थान नहीं है, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मरीजों के समग्र पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने और उपचार के साथ मानसिक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
केंद्र के संचालक अजय कल्याणी ने बताया कि यहां मरीजों को सकारात्मक वातावरण में नियमित काउंसलिंग, योग, व्यायाम, मेडिटेशन तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। सामान्यतः मरीजों को एक माह तक केंद्र में रखकर उपचार और पुनर्वास कराया जाता है। इसके बाद घर लौटने पर भी उनकी नियमित फॉलोअप काउंसलिंग की जाती है, ताकि वे दोबारा नशे की ओर न लौटें।
निरीक्षण के दौरान संचालक ने केंद्र के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं और पुनर्वास गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी कलेक्टर को दी। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक ए.पी. गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
