सेक्टर-9 अस्पताल में टला बड़ा हादसा, आईसीयू के ऊपर हाईटेंशन लाइन में लगी आग
healthbhaskar.com भिलाई, 12 जून 2026 । बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के सेक्टर-9 अस्पताल में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के आईसीयू के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। अस्पताल प्रबंधन, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार आग लगते ही अस्पताल के आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम के सेंसर सक्रिय हो गए और पूरे परिसर में अलार्म बजने लगा। अलार्म सुनते ही डॉक्टर, कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड फायर एक्सटिंग्विशर लेकर मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बुझाने के लिए 15 से अधिक अग्निशमन यंत्रों का उपयोग किया गया। लगातार प्रयासों के बाद छत पर लगी आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। बताया जा रहा है कि बुधवार की आंधी के कारण वायरिंग प्रभावित हुई थी, जिससे एल्यूमीनियम तार में कार्बन बनने और स्पार्किंग के चलते आग भड़क गई।
घटना के कारण अस्पताल के कुछ हिस्सों की बिजली और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। फिलहाल मरीजों को ऑफलाइन पर्चियां जारी की जा रही हैं। बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और प्रभावित सिस्टम को सामान्य करने का कार्य जारी है। अस्पताल प्रबंधन ने कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया और उन्नत फायर फाइटिंग सिस्टम को हादसा टलने का प्रमुख कारण बताया है।
