हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ, गिरौदपुरी मेले में चिकित्सा सेवा का विस्तार
Healthbhaskar.com: रायपुर, 23 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर स्थित गिरौदपुरी धाम में ऐतिहासिक मेले के दौरान एक बार फिर समाजसेवी चिकित्सक डॉ. राज मनहरे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयार हैं। बीते पांच वर्षों से निरंतर निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहे डॉ. मनहरे इस वर्ष भी अपनी समर्पित टीम के साथ तीन दिनों तक मेले स्थल पर मौजूद रहेंगे और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराएंगे।
23 और 24 फरवरी को विशेष चिकित्सा शिविर
डॉ. राज मनहरे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 22, 23 और 24 फरवरी को गिरौदपुरी मेले में विशेष चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को सामान्य स्वास्थ्य जांच, दवाइयों का वितरण, प्राथमिक उपचार और आवश्यक परामर्श पूरी तरह निःशुल्क दिया जाएगा। उनका उद्देश्य है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य परेशानी न हो।
पिछले पांच वर्षों में हजारों श्रद्धालु हुए लाभान्वित
डॉ. मनहरे की यह सेवा पहल बीते पांच वर्षों से लगातार जारी है, जिससे हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित हो रही है। मेले के दौरान भारी भीड़ और लंबी यात्रा के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से राहत दिलाने में यह शिविर अहम भूमिका निभाता है।
सेवा ही सच्चा धर्म – डॉ. राज मनहरे
डॉ. राज मनहरे का कहना है कि सेवा ही सच्चा धर्म है। समाज ने मुझे जो सम्मान और पहचान दी है, उसके प्रति आभार व्यक्त करने का यह मेरा छोटा सा प्रयास है। उनका मानना है कि चिकित्सक का कर्तव्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी निभाना भी है।
समाजसेवा की मिसाल बना चिकित्सा अभियान
गिरौदपुरी मेले में लगातार जारी यह निःशुल्क चिकित्सा सेवा अभियान समाज में एक प्रेरणास्रोत बन चुका है। सतनामी समाज एवं स्थानीय नागरिकों ने डॉ. मनहरे के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा की सच्ची मिसाल बताया है।
