छत्तीसगढ़ ने सार्वजनिक स्वास्थ्य में रचा राष्ट्रीय कीर्तिमान रायपुर की IPHL बनी देश की पहली NQAS प्रमाणित प्रयोगशाला
Healthbhaskar.com: रायपुर, 7 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। जिला अस्पताल रायपुर स्थित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (IPHL) को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) का प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जिससे यह देश की पहली NQAS प्रमाणित IPHL बन गई है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला सेवाओं में राष्ट्रीय मानक स्थापित करने वाला अग्रणी राज्य बनाती है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को प्रेषित पत्र में श्री नड्डा ने कहा कि रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन राज्य की विश्वसनीय, गुणवत्ता-सुनिश्चित एवं मानक-आधारित डायग्नोस्टिक सेवाओं की सुदृढ़ क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने इसे जिला अस्पताल रायपुर के स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता, परिश्रम और पेशेवर दक्षता का परिणाम बताया है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार को दी बधाई
केन्द्रीय मंत्री ने उल्लेख किया कि IPHL की स्थापना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अधोसंरचना मिशन (PM-ABHIM) का एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसका उद्देश्य देशभर में स्वास्थ्य निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्क और आपदा तैयारी प्रणाली को सशक्त बनाना है। रायपुर IPHL द्वारा मानव संसाधन, अत्याधुनिक उपकरणों और आधुनिक अवसंरचना के सफल एकीकरण से राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों की प्राप्ति इस मिशन की प्रभावशीलता को प्रमाणित करती है।
श्री नड्डा ने इस उपलब्धि को अन्य राज्यों के लिए राष्ट्रीय बेंचमार्क बताते हुए आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ सरकार रायपुर मॉडल को बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में अपनाते हुए राज्य के अन्य जिलों में भी उच्च गुणवत्ता वाली डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार करे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार और गुणवत्ता संवर्धन के लिए निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा।
NQAS प्रमाणन से मजबूत हुआ छत्तीसगढ़ का सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र – स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रायपुर IPHL को प्राप्त NQAS प्रमाणन छत्तीसगढ़ की संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सफलता प्रयोगशाला सेवाओं के मानकीकरण, गुणवत्ता आश्वासन, प्रशिक्षित मानव संसाधन, आधुनिक उपकरणों और मजबूत अवसंरचना में किए गए सतत सुधारों का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि किसी एक संस्थान की नहीं, बल्कि राज्य के डॉक्टरों, लैब तकनीशियनों, पैरामेडिकल स्टाफ और जिला अस्पताल रायपुर की समर्पित टीम के सामूहिक प्रयासों की पहचान है।
गुणवत्ता-सुनिश्चित डायग्नोस्टिक सेवाओं का नया मानक बना रायपुर IPHL – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन छत्तीसगढ़ की प्रौद्योगिकी-सक्षम, पारदर्शी और मानक-आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार सभी जिलों में गुणवत्तापूर्ण प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं का निरंतर विस्तार करेगी, ताकि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, सटीक और विश्वसनीय जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

