आंखों की रोशनी कम होना सिर्फ चश्मे का नंबर बढ़ने का संकेत नहीं, इन 6 लक्षणों को न करें नजरअंदाज
आजकल आंखों की रोशनी कमजोर होने पर ज्यादातर लोग इसे चश्मे का नंबर बढ़ने से जोड़कर देखते हैं। उम्र बढ़ने के साथ नजर में बदलाव आना सामान्य है, लेकिन हर बार धुंधला दिखाई देना चश्मे की समस्या नहीं होती। कई बार इसके पीछे रेटिना, ऑप्टिक नर्व या आंखों के अंदर बढ़ते दबाव जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, आंखों से जुड़े कुछ लक्षण ऐसे होते हैं, जिन्हें सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर आंखों की रोशनी को स्थायी नुकसान भी पहुंच सकता है। विजन आई सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. तुषार ग्रोवर ने ऐसे कुछ महत्वपूर्ण संकेतों के बारे में बताया है, जिन्हें पहचानना बेहद जरूरी है।
1. अचानक एक आंख से कम दिखाई देना
अगर एक आंख से अचानक धुंधला या कम दिखाई देने लगे, तो इसे चश्मे का नंबर बढ़ना समझकर नजरअंदाज न करें। यह रेटिना की रक्त वाहिका में रुकावट या ऑप्टिक नर्व से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में बिना देरी किए आंखों के विशेषज्ञ या इमरजेंसी चिकित्सा सेवा से संपर्क करना चाहिए।
2. आंखों के सामने अचानक चमक या धब्बे दिखना
आंखों के सामने छोटे-छोटे धब्बे, धागे जैसी आकृतियां या तैरती हुई चीजें दिखाई देना फ्लोटर्स कहलाता है। उम्र के साथ ऐसा होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अचानक बहुत सारे नए फ्लोटर्स दिखाई देना, रोशनी की चमक महसूस होना या नजर के एक हिस्से में पर्दा आने जैसा अनुभव गंभीर संकेत हो सकता है।
यह रेटिना में दरार या रेटिना के अपनी जगह से अलग होने की समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में तुरंत जांच जरूरी है।
3. बिना दर्द के धीरे-धीरे साइड विजन कम होना
अगर सामने की चीजें साफ दिखाई दे रही हैं, लेकिन धीरे-धीरे दाएं-बाएं की चीजें देखना मुश्किल हो रहा है, तो यह ग्लूकोमा का संकेत हो सकता है। इस बीमारी में आंख के अंदर बढ़ा दबाव ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचा सकता है।
ग्लूकोमा की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि शुरुआती अवस्था में अक्सर दर्द या स्पष्ट लक्षण नहीं होते। इसलिए नियमित आंखों की जांच और आई प्रेशर की जांच बेहद जरूरी है। परिवार में ग्लूकोमा का इतिहास होने पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
4. सीधी चीजें टेढ़ी या लहरदार दिखाई देना
अगर दरवाजे का फ्रेम, खिड़की की ग्रिल या सीधी रेखाएं अचानक मुड़ी हुई दिखाई देने लगें, अथवा आंखों के सामने बीच में काला या धुंधला धब्बा नजर आए, तो इसे सामान्य कमजोरी न समझें।
यह मैकुला यानी रेटिना के केंद्रीय हिस्से से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। मैकुलर डिजनरेशन जैसी बीमारियों में केंद्रीय दृष्टि प्रभावित हो सकती है। समय पर जांच कराने से बीमारी की पहचान और उचित उपचार में मदद मिलती है।
5. आंखों में लालिमा के साथ तेज दर्द और धुंधलापन
आंखों का लाल होना एलर्जी, थकान या संक्रमण के कारण भी हो सकता है। लेकिन अगर लालिमा के साथ धुंधला दिखना, रोशनी के चारों ओर रंगीन घेरे, तेज सिरदर्द और जी मिचलाने जैसी परेशानी हो, तो यह आंखों के दबाव में अचानक वृद्धि यानी एक्यूट ग्लूकोमा का संकेत हो सकता है।
यह मेडिकल इमरजेंसी है। ऐसी स्थिति में कुछ घंटों के भीतर उपचार जरूरी हो सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
6. आंखों की रोशनी में लगातार बदलाव
अगर बार-बार नजर धुंधली हो रही है, पढ़ने में परेशानी हो रही है या देखने की क्षमता में लगातार बदलाव महसूस हो रहा है, तो इसकी वजह जानना जरूरी है। इसे केवल उम्र या चश्मे के नंबर से जोड़ना सही नहीं है। आंखों की विस्तृत जांच से बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
साल में एक बार आंखों की जांच क्यों जरूरी?
ग्लूकोमा और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी बीमारियां शुरुआती दौर में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ सकती हैं। कई बार जब तक मरीज को परेशानी महसूस होती है, तब तक आंखों को काफी नुकसान पहुंच चुका होता है।
इसलिए नियमित रूप से आंखों की जांच कराना जरूरी है। खासकर डायबिटीज से पीड़ित लोगों और परिवार में आंखों की गंभीर बीमारी का इतिहास रखने वालों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच करानी चाहिए।
