Mon. Feb 9th, 2026

एम्स रायपुर में नर्सिंग और टेक्नोलॉजी का संगम, डिजिटल हेल्थ पर हुआ गहन विमर्श

Healthbhaskar.com: रायपुर | 15 दिसम्बर 2025 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स रायपुर के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा डिजिटल हेल्थ इनोवेशन पर राष्ट्रीय सम्मेलन, नर्सिंग प्रैक्टिस के भविष्य विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। यह सम्मेलन राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड मानक संसाधन केंद्र (NRCeS), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य नर्सिंग पेशे को डिजिटल परिवर्तन में नेतृत्व प्रदान करने के साथ-साथ डिजिटल हेल्थ एवं अनुसंधान के माध्यम से रोगी देखभाल की गुणवत्ता में सुधार करना रहा।

एम्स रायपुर कॉलेज ऑफ नर्सिंग में डिजिटल हेल्थ इनोवेशन पर राष्ट्रीय सम्मेलन, नर्सिंग प्रैक्टिस के भविष्य पर हुआ मंथन

एम्स रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से कुल 661 प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया। सम्मेलन के दौरान नर्सिंग शिक्षा, प्रैक्टिस और स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीकों की भूमिका पर व्यापक विमर्श हुआ। यह आयोजन नर्सिंग समुदाय के लिए डिजिटल स्वास्थ्य नवाचारों को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

सम्मेलन के शैक्षणिक कार्यक्रम में छह समवर्ती वैज्ञानिक सत्र, एक विशेषज्ञ पैनल चर्चा, ओरल पेपर प्रेजेंटेशन, ई-पोस्टर प्रस्तुतियाँ, उद्घाटन एवं समापन सत्र शामिल रहे। विशेषज्ञ पैनल चर्चा में डिजिटल तकनीकों के माध्यम से रोगी परिणामों में सुधार और स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली के रूपांतरण पर प्रकाश डाला गया। पैनलिस्टों ने डिजिटल हेल्थ की अपार संभावनाओं के साथ-साथ इसके क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की और अंतरविषयक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया।

यह सम्मेलन पद्मश्री डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन, अध्यक्ष, एम्स रायपुर तथा लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त अशोक जिंदल, कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, एम्स रायपुर के मुख्य संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संरक्षक मंडल में प्रो. डॉ.एली महापात्रा, डीन अकादमिक्स प्रो. डॉ.अभिरुचि गल्होत्रा, डीन रिसर्च, प्रो. डॉ.अविनाश इंगले, डीन परीक्षा एवं प्रो. डॉ. कृष्णदत्त चावेली, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर,एम्स रायपुर शामिल उपस्थित थे।

सम्मेलन की अध्यक्षता प्रो. डॉ. रेनू राजगुरु, एमएस एवं विभागाध्यक्ष (ईएनटी) तथा डॉ. बिनु मैथ्यू, प्रोफेसर-कम-प्राचार्य, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, एम्स रायपुर ने की। आयोजन के सह-अध्यक्ष डॉ. जे. जयरिका, सहायक प्राध्यापक एवं श्रीमती सुगन्या पी., व्याख्याता, कॉलेज ऑफ नर्सिंग रहीं। इनके साथ समर्पित आयोजन समिति और छात्र स्वयंसेवकों का द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

उद्घाटन सत्र में प्रो.डॉ. एली महापात्रा, डीन अकादमिक्स एम्स रायपुर के साथ अच्युत पाटिल, साइंटिस्ट-ई, NRCeS, सी-डैक पुणे एवं प्रो. डॉ. नितिन कुमार बोरकर, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक, एम्स रायपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने प्रतिभागियों को मंत्र मुग्ध कर दिया।

डिजिटल हेल्थ इनोवेशन से सशक्त होगी नर्सिंग प्रैक्टिस: राष्ट्रीय सम्मेलन

सम्मेलन के प्रमुख विषयों में भारत सरकार की डिजिटल हेल्थ पहल, इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR) मानक, SNOMED CT, नर्सिंग इन्फॉर्मेटिक्स, डेटा एनालिटिक्स, क्लिनिकल डिसीजन सपोर्ट सिस्टम तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य में डिजिटलाइजेशन पर नर्सिंग दृष्टिकोण से चर्चा की गई।समापन सत्र में श्रीमती सुगन्या पी. द्वारा सम्मेलन के प्रमुख निष्कर्ष प्रस्तुत किए। प्री-टेस्ट, पोस्ट-टेस्ट एवं प्रतिभागियों की फीडबैक प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण किया गया। सम्मेलन ने यह स्पष्ट किया कि डिजिटल हेल्थ और अनुसंधान, नर्सिंग शिक्षा, प्रैक्टिस एवं नीति निर्धारण के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और अंततः रोगी देखभाल के परिणामों में सुधार सुनिश्चित होंगे।


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page