बलरामपुर में घर-घर बन रहे आयुष्मान कार्ड, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष डोर-टू-डोर अभियान तेज
www.healthbhaskar.com रायपुर 15 जुलाई 2026. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत पात्र नागरिकों तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बना रही हैं, वहीं 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का ई-केवाईसी कर आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी तैयार किया जा रहा है।
घर पहुंचकर दी जा रही सुविधा
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, मितानिन, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य मित्रों की संयुक्त टीमें लगातार घर-घर जाकर पंजीयन कर रही हैं। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संस्थानों तक आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए उनके घर पर ही ई-केवाईसी और कार्ड निर्माण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
7.41 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बने
जिले में राशन कार्ड डाटा के अनुसार आयुष्मान भारत योजना के तहत 8,02,384 पात्र हितग्राही चिन्हित किए गए हैं। इनमें से अब तक 7,41,792 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष पात्र लोगों का पंजीयन भी तेजी से किया जा रहा है।
14 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन
आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत जिले के 21,609 पात्र वरिष्ठ नागरिकों में से 14,499 का पंजीयन पूरा हो चुका है। योजना के तहत पंजीकृत हितग्राहियों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। शेष पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार डोर-टू-डोर सर्वे और पंजीयन अभियान चला रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक सहयोग दें तथा आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर अपना आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर शासन की निःशुल्क उपचार सुविधा का पूरा लाभ मिल सके।
