मुख्यमंत्री जनदर्शन में दिव्यांगजनों को मिली राहत, बैटरी चालित ट्राइसिकल से बदली ज़िंदगी
Healthbhaskar.com: रायपुर, 8 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी योजनाएँ ज़मीन पर संवेदनशीलता के साथ लागू हो रही हैं। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए मुख्यमंत्री ने मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया। इस अवसर पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसिकल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त किया गया।
दिव्यांग सशक्तिकरण की मिसाल बना मुख्यमंत्री जनदर्शन
जनदर्शन के दौरान रायपुर के शंकर नगर निवासी 45 वर्षीय श्रीमती बिन्दु बीरे, जो पैरों से चलने में असमर्थ हैं, अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष पहुँचीं। आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति के कारण वे बैटरी चालित ट्राइसिकल खरीदने में असमर्थ थीं, जिससे दैनिक जीवन में आवागमन उनके लिए अत्यंत कठिन हो गया था। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और तत्काल बैटरी चालित ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैटरी चालित ट्राइसिकल प्राप्त होने पर श्रीमती बिन्दु बीरे की आँखों में राहत और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उन्हें कहीं भी आने-जाने में परेशानी नहीं होगी और वे अपने दैनिक कार्य स्वयं कर सकेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम राज्य सरकार की उस सोच को प्रतिबिंबित करता है, जिसमें दिव्यांगजनों का सामाजिक समावेशन, सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह पहल न केवल शारीरिक अक्षमता से जूझ रहे नागरिकों के जीवन को सरल बना रही है, बल्कि उनके आत्मसम्मान और सामाजिक सहभागिता को भी सुदृढ़ कर रही है।

