Thu. Feb 12th, 2026

हॉस्टल में दर्दनाक घटना, 24 वर्षीय एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Healthbhaskar.com: भोपाल, 11 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) की एमबीबीएस की छात्रा का शव हॉस्टल के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया है। शव के पास एक खाली एसिड की बोतल मिलने से पूरे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त है।

घटना से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा की उम्र लगभग 24 वर्ष थी और वह गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) 2025 में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में एडमिशन लिया था। छात्रा मूल रूप से अलीराजपुर जिले की निवासी थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। जब सुबह काफी देर तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली और फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया, तो उसके सहपाठियों को चिंता हुई। छात्रा के दोस्तों ने जब बाथरूम का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद हॉस्टल प्रशासन को सूचना दी गई और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां छात्रा मृत अवस्था में पड़ी मिली।

शव के पास मिली खाली एसिड बोतल

घटनास्थल की प्रारंभिक जांच में छात्रा के शव के पास एक खाली एसिड की बोतल मिली है। इससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

परिजनों को दी गई सूचना, मातम का माहौल

घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजनों को तत्काल भोपाल बुलाया गया है। परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी मानसिक रूप से मजबूत थी और इस तरह का कदम उठाने की संभावना बेहद कम है।

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह मामला बेहद संवेदनशील है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और किसी साजिश इन तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। छात्रा के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया गतिविधि और कॉल डिटेल्स को खंगाला जा रहा है। साथ ही छात्रा के दोस्तों, रूममेट्स और शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जोड़ा जा सके। फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट निर्णायक साबित होगी।

 

 


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page