Mon. Feb 9th, 2026

अम्बेडकर अस्पताल के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में सोनोग्राफी सेवाएँ हुईं वेटिंग-फ्री, जाँच क्षमता 130 से बढ़कर 200+ प्रतिदिन

Healthbhaskar.com: रायपुर 10  दिसंबर 2025 डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में सोनोग्राफी जाँच सेवाओं में बड़ा सुधार दर्ज किया गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब किसी भी मरीज को सोनोग्राफी के लिए वेटिंग डेट नहीं दी जा रही है। सभी सामान्य मरीजों की सोनोग्राफी जाँच उसी दिन की जा रही है, जबकि गर्भवती महिलाओं को स्त्री रोग विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार एंटीनेटल स्कैन एवं एनॉमली स्कैन के लिए गर्भावस्था के सप्ताह के आधार पर तिथि प्रदान की जा रही है।

5 में से 4 मशीनें क्रियाशील, जांच क्षमता में रिकॉर्ड वृद्धि

अस्पताल में उपलब्ध कुल 5 सोनोग्राफी मशीनों में से 4 मशीनें पूर्णतः कार्यशील हैं, जबकि एक मशीन की मरम्मत तेजी से जारी है। विभाग ने मरीजों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपनी दैनिक कार्य क्षमता में व्यापक सुधार किया है। जहाँ पहले प्रतिदिन लगभग 130 सोनोग्राफी जांच होती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 200 से अधिक प्रतिदिन हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को OPD में 248 से भी अधिक मरीजों की सोनोग्राफी जाँच उसी दिन की कराई गयी थी।

विभागाध्यक्ष की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग से सुविधा सुनिश्चित

सोनोग्राफी सेवाओं को समयबद्ध रखने के लिए विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे द्वारा सभी जांचों की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग नियमित रूप से की जा रही है। डॉ. विवेक पात्रे के देखरेख में तकनीकी स्टाफ से लेकर वरिष्ठ डॉक्टर्स तक पूरी टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक मरीज को उसी दिन जांच उपलब्ध कराई जाए तथा रिपोर्ट समय पर प्रदान की जाए।

CT Scan और MRI भी वेटिंग-फ्री

विभाग के अनुसार CT Scan ,MRI ,Emergency Sonography ,X-Ray इन सभी सेवाओं के लिए भी अब किसी प्रकार की वेटिंग डेट नहीं दी जा रही है। किसी मरीज को अब DKS अस्पताल रेफर नहीं किया जा रहा है। आपातकाल स्थिति में आने वाले मरीजों की सभी आवश्यक रेडियोलॉजी जांचें नियमित और प्राथमिकता के साथ की जा रही हैं।

त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवा हमारी प्रतिबद्धता – डॉ. संतोष सोनकर,अधीक्षक

डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा की अस्पताल प्रबंधन मरीजों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मशीनों का रखरखाव और मरम्मत कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है ताकि किसी भी सेवा में बाधा न आए।

विभागाध्यक्ष का संदेश – टीमवर्क से बनीं सभी सेवाएँ वेटिंग-फ्री

रेडियोडायग्नोसिस विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे ने जानकारी साझा करते हुए बताया की विभाग में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए हमने प्रतिदिन की जाने वाली सोनोग्राफी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की है। वर्तमान में सोनोग्राफी, CT Scan और MRI सभी सेवाएँ बिना किसी वेटिंग के सुचारू रूप से चल रही हैं। तकनीकी स्टाफ और चिकित्सकों सहित पूरी टीम मरीजों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

 

 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page