Fri. Mar 27th, 2026

विश्व कैंसर दिवस पर एम्स रायपुर में कैंसर सर्वाइवर्स का सम्मान, उम्मीद और हौसले का संदेश

Healthbhaskar.com:  रायपुर 05 फरवरी 2026। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स, रायपुर में एक भावनात्मक और प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। बाल रोग विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर से जंग जीत चुके मरीजों के साहस, दृढ़ता और सकारात्मक सोच को सम्मानित करना था। कार्यक्रम का शीर्षक “Celebrating Survivors: Stories of Hope and Resilience” रखा गया, जिसमें मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता रही।

मुख्य अतिथि ने दिया प्रेरक संदेश

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त), कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, एम्स रायपुर ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा विज्ञान उपचार के साधन उपलब्ध कराता है, लेकिन असली जीत मरीजों के साहस, अनुशासन और विश्वास की होती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में उन्नत कैंसर उपचार और शोध को और सशक्त बनाने की एम्स रायपुर की प्रतिबद्धता दोहराई।

कैंसर अब अजेय रोग नहीं

एम्स रायपुर के डीन डॉ. एली मोहापात्रा ,अकादमिक ने कहा कि सर्वाइवर्स और उनके परिवारों की उपस्थिति यह प्रमाणित करती है कि कैंसर अब अजेय बीमारी नहीं रहा। समय पर पहचान और नियमित उपचार से मरीज स्वस्थ जीवन की ओर लौट सकते हैं।

परिवारों को मिला आशा का संबल

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गोयल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य वर्तमान में उपचाररत परिवारों को यह विश्वास दिलाना है कि एक स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य संभव है। उन्होंने इलाज बीच में न छोड़ने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने पर विशेष बल दिया।

एनजीओ और विशेषज्ञों की अहम भूमिका

कार्यक्रम में निरामयाह कैंसर फाउंडेशन की प्रतिनिधि सुश्री सुदेशना रुहान ने वंचित परिवारों को मिलने वाले पोषण एवं लॉजिस्टिक सहयोग की जानकारी दी। वहीं डॉ. सुनील जोंधाले ने बाल कैंसर उपचार में हो रही नवीन प्रगति, शीघ्र निदान और उपचार निरंतरता के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. सरोज बाला एवं डॉ. अमित कुमार अग्रवाल द्वारा एम्स रायपुर की कैंसर सेवाओं और संरचित सर्वाइवर्शिप प्रोग्राम की आवश्यकता पर विस्तृत्व जानकारी साझा की गयी ।

‘Voices of Hope’ बना कार्यक्रम का भावनात्मक केंद्र

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण “Voices of Hope” सत्र रहा, जिसमें कैंसर सर्वाइवर्स ने अपने संघर्ष, उपचार और जीत की कहानियाँ साझा कीं। लगभग 50 बच्चों और किशोरों को शैक्षणिक उपहार एवं खिलौनों से सम्मानित किया गया। आयोजन ने यह सशक्त संदेश दिया कि समय पर इलाज, धैर्य और विश्वास से कैंसर पर विजय संभव है।

 

 


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page