ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर बने नशे की सप्लाई का अड्डा
Healthbhaskar.com: रायपुर, 7 जनवरी 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मेडिकल दवाइयों की आड़ में संचालित नशीली टेबलेट सप्लाई सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार मेडिकल स्टोर संचालकों और एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17,808 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक चारपहिया टाटा सफारी वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी बस्ती, टिकरापारा, खमतराई और धरसींवा क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों से बिना वैध दस्तावेज के नशीली टेबलेट की खुलेआम बिक्री की जा रही थी। यह अवैध कारोबार स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा था। मामले में थाना पुरानी बस्ती में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(सी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
टेस्ट पर्चेस से खुला राज
5 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि कुशालपुर स्थित रत्ना मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेची जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने टेस्ट पर्चेस कराया। बिना किसी वैध पर्चे और दस्तावेज के टेबलेट की बिक्री होते ही पुलिस ने तत्काल रेड कर मेडिकल स्टोर संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे यह नशीली दवाएं एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के माध्यम से सप्लाई की जाती थीं। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई चैन की कड़ियां जोड़ते हुए अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों तक पहुंच बनाई। अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश देकर टिकरापारा, खमतराई और धरसींवा स्थित मेडिकल स्टोरों से भी बड़ी मात्रा में नशीली टेबलेट बरामद कीं।

अन्य राज्यों से हो रही थी सप्लाई
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रतिबंधित टेबलेट अन्य राज्यों से कोरियर और बस परिवहन के माध्यम से रायपुर मंगाई जा रही थीं। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क में शामिल कोरियर कंपनियों और बस संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। संबंधित एजेंसियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन मेडिकल स्टोरों से अवैध गतिविधि सामने आई है, उनके सीलिंग और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया संबंधित विभागों के माध्यम से शुरू की जा रही है। मामले में एक अंतरराज्यीय आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जांच में मेडिकल स्टोरों के नाम में रत्ना मेडिकल स्टोर, कुशालपुर, पुरानी बस्ती, रायपुर ,काव्या मेडिकोज, टिकरापारा, रायपुर ,प्यारी लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, भनपुरी, खमतराई, रायपुर ,भरोसा मेडिकल स्टोर, सांकरा, धरसींवा, रायपुर शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी
कान्हा कृष्ण कश्यप उर्फ सूरज (31) – प्रोफेसर कॉलोनी, पुरानी बस्ती ,आनंद शर्मा (45) – न्यू चंगोराभाठा, डीडी नगर ,धीमन मजूमदार (31) – कृष्णा नगर, टिकरापारा ,राहुल वर्मा (26) – जागृति नगर, खमतराई ,मोहम्मद अकबर (29) – बाजार चौक, सांकरा, धरसींवा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
