Mon. Feb 9th, 2026

छत्तीसगढ़ में कोरोना मामलों में इजाफा, कुल संक्रमितों की संख्या 131 हुई, एक की मौत

हेल्थ भास्कर: 18 जून 2025 राज्य में कोविड-19 संक्रमण के मामलों में एक बार फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अब तक कुल 131 सक्रिय मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। चिंता की बात यह है कि कई मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और 57 संक्रमित विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं।

जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक मामले रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जिलों से सामने आए हैं। रायपुर में 16, दुर्ग में 14 और बिलासपुर में 13 नए संक्रमित पाए गए हैं। इन जिलों में जनसंख्या घनत्व अधिक होने के चलते संक्रमण की रफ्तार तेज हो रही है। पिछले एक हफ्ते में ही कोरोना के मामलों में अचानक तेजी आई है। बीते रविवार को राज्य में 30 नए केस दर्ज किए गए। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या जांच की दर बढ़ने और लोगों की लापरवाही दोनों के कारण बढ़ रही है।

मृतक को पहले से थी कई बीमारियां

राज्य में दर्ज हुई एकमात्र मौत के मामले में यह सामने आया है कि मृतक पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित था। कोविड संक्रमण ने उसकी स्थिति और बिगाड़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी पुष्टि की गई है। 73 संक्रमितों की रिपोर्ट प्रोटोकॉल के तहत निगेटिव आ चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क का उपयोग करें, हाथों की नियमित सफाई करें और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाएं।

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page