Mon. Feb 9th, 2026

अम्बेडकर अस्पताल में टोटल हिप व टोटल नी रिप्लेसमेंट की उन्नत सुविधा, शासकीय अस्पताल में मरीजों को मिल रही नई ज़िंदगी

Healthbhaskar.com: रायपुर, 6 जनवरी 2026। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के (ऑर्थोपेडिक) अस्थि रोग विभाग में अब टोटल हिप रिप्लेसमेंट (THR) एवं टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) जैसी अत्याधुनिक सर्जिकल सुविधाएं पूर्व की भाँति पूरी तरह सुचारु रूप से उपलब्ध हैं। इस सुविधा से कूल्हे और घुटने की गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को शासकीय अस्पताल में ही उच्चस्तरीय इलाज मिल रहा है, जिससे उन्हें निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।

अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आर. के. दास ने बताया कि गठिया, ऑस्टियोआर्थराइटिस, रूमेटॉइड आर्थराइटिस, दुर्घटना के बाद जोड़ क्षति या लंबे समय से जोड़ों के असहनीय दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए यह सर्जरी अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। आधुनिक तकनीक और मानक सर्जिकल प्रोटोकॉल के तहत की जा रही इन सर्जरी के बाद मरीज कम समय में चलने-फिरने में सक्षम हो जाते हैं और सामान्य जीवन की ओर तेजी से लौटते हैं।

मेडिकल जर्नलिज़्म के दृष्टिकोण से यह सुविधा जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी के क्षेत्र में शासकीय स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर हिप या नी रिप्लेसमेंट कराने से मरीजों को लंबे समय तक चलने वाले दर्द, विकलांगता और मानसिक तनाव से स्थायी राहत मिलती है।

 

अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि विगत कुछ दिनों में लगभग 8 मरीजों की सफल जोड़ प्रत्यारोपण सर्जरी की जा चुकी है। अनुभवी ऑर्थोपेडिक सर्जनों, एनेस्थेटिस्ट और नर्सिंग स्टाफ की टीम द्वारा यह सर्जरी पूरी सुरक्षा और सावधानी के साथ की जा रही है। शासकीय अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों को निःशुल्क उच्चस्तरीय इलाज का लाभ भी मिल रहा है।

डॉ. आर. के. दास ने आमजन से अपील की है कि हिप या घुटने की पुरानी समस्या को नज़रअंदाज़ न करें। समय पर ऑर्थोपेडिक ओपीडी में परामर्श लेने से बीमारी की गंभीरता कम की जा सकती है और सही समय पर सर्जरी से जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

 

 


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page