आईडीबीआई बैंक की सीएसआर पहल से जनस्वास्थ्य को मिली नई मजबूती
Healthbhaskar.com: रायपुर, 10 जनवरी 2026। आईडीबीआई बैंक ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत एक सराहनीय और जनहितकारी पहल करते हुए आयुर्वेदिक कॉलेज, रायपुर परिसर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक एवं उन्नत चिकित्सा उपकरण भेंट किए है। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने कर-कमलों द्वारा उक्त चिकित्सा उपकरणों को स्वास्थ्य केंद्र को सौंपा है। यह पहल राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए थे। उनके साथ मंच पर रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. पाम बोई, तथा आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आईडीबीआई बैंक की सहायक महाप्रबंधक श्रीमती आकांक्षा यदु द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
जनस्वास्थ्य के लिए बैंकिंग क्षेत्र की सकारात्मक भूमिका
आईडीबीआई बैंक द्वारा किए गए इस सीएसआर सहयोग को उपस्थित अतिथियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने बैंकिंग क्षेत्र और सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र के बीच एक प्रभावी साझेदारी के रूप में सराहा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करना आम जनता को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और किफायती चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की शुरुआत में आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक आशीष त्रिपाठी द्वारा सभी अतिथियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर बैंक की ओर से सम्मान व्यक्त किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का प्रेरक उद्बोधन
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि साधारण जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों विशेषकर संस्थानों, बैंकों और कॉर्पोरेट संगठनों की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आईडीबीआई बैंक द्वारा किए गए इस सहयोग को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाती हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए सरकार के पास पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने नए अस्पतालों की स्थापना, मौजूदा अस्पतालों के उन्नयन एवं आधुनिकीकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी साझा की। साथ ही उन्होंने यह संदेश दिया कि यदि समाज का प्रत्येक घटक, चाहे वह छोटा ही क्यों न हो, अपना योगदान दे, तो जनकल्याण की दिशा में बड़े परिवर्तन संभव हैं।
स्वास्थ्य विभाग की सराहना
इस अवसर पर रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने आईडीबीआई बैंक की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को उन्नत उपकरण मिलने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की जांच और आपातकालीन सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने बैंक के इस सहयोग को जनस्वास्थ्य के लिए दीर्घकालिक लाभ देने वाला बताया है।
आईडीबीआई बैंक की सीएसआर प्रतिबद्धता
कार्यक्रम के दौरान आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक आशीष त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री जी के मार्गदर्शन और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बैंक के सीएसआर कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि आईडीबीआई बैंक बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, साथ ही स्थानीय स्तर पर भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
बैंक केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज निर्माण और राष्ट्र विकास में सक्रिय भागीदार – महाप्रबंधक आशीष त्रिपाठी
महाप्रबंधक आशीष त्रिपाठी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में आईडीबीआई बैंक ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों में जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर उल्लेखनीय योगदान दिया है। इन पहलों के अंतर्गत चिकित्सा उपकरण, शैक्षणिक संसाधन और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंच सका है।
आईडीबीआई बैंक की यह पहल दर्शाती है कि बैंक केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज निर्माण और राष्ट्र विकास में सक्रिय भागीदार के रूप में कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में आशीष त्रिपाठी ने आईडीबीआई बैंक की ओर से मंत्री जी एवं प्रदेश सरकार को यह आश्वासन दिया कि बैंक समाज कल्याण, प्रदेश और देश के विकास के लिए अपने सीएसआर प्रयासों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखेगा।
इस प्रकार की पहलें न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि आम जनता के बीच सरकारी संस्थानों और कॉर्पोरेट क्षेत्र के प्रति विश्वास को भी मजबूत बनाती हैं। आईडीबीआई बैंक का यह कदम निश्चित रूप से अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

