Mon. Feb 9th, 2026

एम्स रायपुर में ‘औषाधि-ईआर’ का शुभारंभ, आपातकालीन दवा प्रबंधन में डिजिटल क्रांति

Healthbhaskar.com: रायपुर | 22 दिसंबर 2025 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स रायपुर ने डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्रीजन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वदेशी भारतीय डिजिटल इन्वेंट्री प्रबंधन प्रणाली “औषाधि-ईआर (AUSHADHI-ER)” को सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह वेब-आधारित, पेपरलेस और स्वचालित प्रणाली आपातकालीन विभाग में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, स्टॉक प्रबंधन को सुदृढ़ करने और संचालन दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित की गई है।

कागज रहित और रियल-टाइम दवा प्रबंधन, एम्स रायपुर की अभिनव पहल

एम्स रायपुर के आपातकालीन विभाग द्वारा लागू की गई औषाधि-ईआर प्रणाली को डॉ. देबेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने परिकल्पित किया, जबकि इसका विकास डॉ. रोशन मैथ्यू एवं डॉ. नमन अग्रवाल द्वारा किया गया। यह नवाचार आपातकालीन देखभाल सेटिंग्स में दवा इन्वेंट्री प्रबंधन के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान के रूप में सामने आया है। इससे पहले दवा स्टॉक का रखरखाव भौतिक रिकॉर्ड और मैनुअल रजिस्टरों पर निर्भर था, जिससे वास्तविक-समय दृश्यता सीमित रहती थी और आपातकालीन परिस्थितियों में आपूर्ति निरंतरता प्रभावित होने की आशंका रहती थी।

आईईसीएस परियोजना के अंतर्गत विकसित औषाधि-ईआर एक उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो वास्तविक समय में स्टॉक एंट्री, निगरानी और रिपोर्टिंग की सुविधा प्रदान करता है। यह प्रणाली इन्वेंट्री स्तर पर निरंतर नजर रखते हुए स्वचालित ई-मेल नोटिफिकेशन जारी करती है तथा कलर-कोडेड अलर्ट (हरा, पीला और लाल) के माध्यम से समय पर पुनःपूर्ति सुनिश्चित करती है। इससे दवा की कमी की आशंका कम होती है और आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आता है।

AIIMS RAIPUR

एम्स रायपुर में ‘औषाधि-ईआर’ लॉन्च, आपातकालीन दवा प्रबंधन हुआ हाई-टेक

वर्तमान में औषाधि-ईआर को एम्स रायपुर के आपातकालीन विभाग प्रथम तल में दवा इन्वेंट्री प्रबंधन के लिए लागू किया गया है। भविष्य में इस प्रणाली का विस्तार उपभोक्ता वस्तुओं (कंज़्यूमेबल्स) तक किया जाएगा तथा इसे ट्रॉमा इंटेंसिव केयर यूनिट (TICU) और आपातकालीन ऑपरेशन थिएटर (OT) में चरणबद्ध रूप से तैनात किया जाएगा। यह पहल अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संसाधन प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

इस प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) द्वारा किया गया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया की औषाधि-ईआर, श्रीजन के उस दृष्टिकोण का सशक्त उदाहरण है, जो फ्रंटलाइन क्लिनिकल जरूरतों को स्केलेबल और स्वदेशी डिजिटल समाधानों में रूपांतरित करता है। ऐसे नवाचार पारदर्शिता, दक्षता और रोगी सुरक्षा को बढ़ाते हैं तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में तकनीक-आधारित सुधार के लिए एक मानक स्थापित करते हैं।


 

इन्हें भी पढ़े

You cannot copy content of this page