Tue. Mar 3rd, 2026

यंग इंडियंस रायपुर का अनूठा प्रयास: दौड़ के जरिए जागरूकता का संदेश

Healthbhaskar.com: रायपुर, 2 मार्च 2026। यंग इंडियंस (Yi) रायपुर द्वारा अपने प्रमुख जन-जागरूकता अभियान ‘रन फॉर मन’ का दूसरा संस्करण रविवार सुबह नवा रायपुर स्थित सेंध लेक क्रिकेट स्टेडियम के समीप सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रातः 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों से जुड़े 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे आयोजन का वातावरण ऊर्जा, उमंग और सकारात्मकता से भर गया।

मानसिक स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल

यह आयोजन Yi रायपुर के हेल्थ वर्टिकल एवं युवा वर्टिकल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली, नशा मुक्त समाज और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना था। आयोजकों ने बताया कि आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ऐसे में इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में मददगार सिद्ध होते हैं।

जुम्बा सेशन और दौड़ ने भरा जोश

कार्यक्रम की शुरुआत 30 मिनट के ऊर्जावान जुम्बा सत्र से हुई, जिसमें युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इसके पश्चात 3 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर की मैत्रीपूर्ण दौड़ आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अनुशासन और जोश के साथ दौड़ पूरी की। दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा की शपथ

इस अवसर पर 500 से अधिक विद्यार्थियों ने नशा एवं मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की शपथ ली तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया। यह पहल युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन का प्रचार

Yi रायपुर द्वारा भारत सरकार की राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन के पोस्टर भी जारी किए गए, यह पोस्टर महाविद्यालयों में प्रदर्शित किये जायेंगे। इसका उद्देश्य यह है कि मानसिक तनाव या किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर विद्यार्थी आसानी से सहायता प्राप्त कर सकें।

‘रन फॉर मन’ दौड़ नहीं, जागरूकता अभियान

आयोजकों ने कहा कि ‘रन फॉर मन’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश देने वाला सामाजिक अभियान है। कार्यक्रम का समापन 5 मिनट के रिलैक्सेशन स्ट्रेच सेशन के साथ हुआ, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक और शारीरिक शांति का अनुभव प्राप्त हुआ।

 


 

You cannot copy content of this page